शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश भाजपा सरकार से पूछा है कि वह सार्वजनिक तौर पर यह बताए कि गत चार साल के अपने इस कार्यकाल उसने अपने दृष्टिपत्र के कितने वायदों को पूरा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लोगों से किया कोई भी वायदा पूरा नही किया। उन्होंने कहा कि अब चुनावी साल शुरू होते ही मुख्यमंत्री लोकलुभावनी घोषणाएं कर लोगों को भ्रमित करने का पूरा प्रयास कर रहें है, क्योंकि सरकार का खजाना अब पूरी तरह से खाली हो चुका है और प्रदेश 65 हजार करोड़ के कर्ज के बोझ में चला गया है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम द्वारा पूर्ण राज्यत्व दिवस पर की गई घोषणाओं को पूरी तरह चुनावी घोषणाएं करार देते हुए कहा कि सरकार कर्मचारी व जन हितेषी होने का ढोंग रच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए चार उप चुनावों में भाजपा को मिली करारी हार के बाद देश मे बढ़ते पेट्रोल, डीज़ल के मूल्यों में केंद्र सरकार को मजबूरी में इसके दामों में कटौती करनी पड़ी। इसी दौरान एक साल से अधिक समय तक चले किसान आंदोलन को शांत करने के लिए तीन काले कृषि कानून भी वापस लेने पड़े। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश सरकार की आंखे भी खुली और अब वह कर्मचारियों को लुभाने में जुट गई है। राठौर ने कहा कि कर्मचारी पिछले चार सालों से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत थे।कांग्रेस भी समय समय पर सरकार के समक्ष उनकी मांगों को उठाती रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में विसंगतियां व भ्रांतियां है जिन्हें दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ प्रदेश के लोगों की सभी मांगों को पूरा किया जाना चाहिए।