लाहुल-स्पीति। कुछ दिन पहले चंबा-कुल्लू-लाहुल-स्पीति-किन्नौर में हिमस्खलन होने को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। आज लाहुल-स्पीति में धूप खिलने के बाद घाटी के कई हिस्सों में हिमखंड खिसक गए। जिला आपदा प्रबंधन और बीआरओ-94 आरसीसी ने बताया कि मंगलवार को उपमंडल लाहुल में रोपसांग नाला और मूलिंग पुल के पास दो स्थानों पर हिमखंड गिरे हैं। हिमखंड खिसकने से केलांग-मनाली सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। सड़क से हिमखंड के मलबे को हटाने के लिए बीआरओ की टीम जुट गई हैं। कार्यकारी उपायुक्त प्रिया नागटा ने बताया कि हिमस्खलन होने से किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।प्रशासन ने हिमखंड खिसकने वाले इलाकों में एहतियात के साथ सफर करने की हिदायत जारी की है। वहीं, लाहुल में हल्के हिमपात का दौर सोमवार रात भर जारी रहा। घाटी के रिहायशी इलाकों में चार से पांच सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है, जबकि रोहतांग दर्रा के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में 15 से 20 सेंटीमीटर तक बर्फ दर्ज की गई। ताजा बर्फबारी के बाद लाहुल की सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। वहीं, सोलंगनाला से आगे सुबह से दो बजे तक फोर बाई फोर वाहनों को भी जाने की अनुमति नहीं दी गई। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि कुल्लू जिला में कई इलाकों में हिमस्खलन गिरने की चेतावनी जारी की है।