मुख्यमंत्री ने सुजानपुर सैनिक स्कूल मैं छात्रों के साथ किया संवाद
मुख्यमंत्री ने सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में विद्यार्थियों के साथ किया संवाद बदलते विश्व के साथ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करें युवा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हमीरपुर जिला के सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्र को युवाओं की क्षमता पर पूर्ण विश्वास है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं भी एकाग्रचित्त होकर पूर्ण आत्मविश्वास से विभिन्न चुनौतियों का सामना कर जीवन में सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पाठशाला विद्या का मंदिर होता है और यह हमें ज्ञान प्रदान करने के साथ ही भविष्य की चुनौतियों से लड़ने के काबिल भी बनाता है। मुख्यमंत्री ने दक्षता एवं कौशल विकास के महत्व पर बल देते हुए कहा कि यह हमें बदलते विश्व के साथ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करता है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में दक्षता हासिल कर विद्यार्थी स्वयं को चुनौतियों से पार पाने तथा विभिन्न अवसरों का समुचित लाभ उठाने के काबिल बना सकते हैं। इससे न केवल वे स्वयं जीवन में सफल होते हैं, अपितु विश्व पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सैनिक स्कूल में छात्राओं को दाखिला प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त की और विभिन्न क्षेत्रों में उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की।