सांसद प्रतिभा सिंह ने पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह की स्मृति में जारी किया वार्षिक कैलेंडर

शिमला। हिमाचल कांग्रेस ने आज नए साल के पहले दिन पूर्व सीएम स्व वीरभद्र सिंह की स्मृति में वार्षिक कैलेंडर जारी किया। इस कैलेंडर को राजीव भवन में स्व. वीरभद्र सिंह की पत्नी और सासंद प्रतिभा सिंह ने जारी किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भी मौजूद रहे। इस अवसर पर कुलदीप राठौर ने कहा कि आधुनिक प्रदेश के निर्माण में पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश उनके योगदान को कभी नही भूला सकता।
राजीव भवन में स्व. वीरभद्र सिंह की स्मृति में सासंद प्रतिभा सिंह द्वारा प्रदेश कांग्रेस का कलेंडर जारी करने के मौके पर राठौर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का अपने नेता स्व. वीरभद्र सिंह को श्रद्धा स्वरूप उन्हें याद रखने का यह एक छोटा सा प्रयास है। राठौर ने कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन से कांग्रेस ने अपना एक महान व आदर्शवादी नेता खोया है, जिसकी कमी कभी पूरी नही की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि उनके निधन से उन्हें निजी तौर पर भी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि उनके निधन के बाद मंडी उप चुनाव सहित तीन विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए एक चुनौती थी, जिसे उसने सफलता पूर्वक पार किया।