हिमाचल में 18 राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बनेंगे ……मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार सायं हमीरपुर जिले के सुजानपुर टीहरा में राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोगों के आशीर्वाद और सहयोग से आने वाले 10 वर्षों के दौरान हिमाचल, देश का सबसे समृद्ध राज्य बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के उत्सव और त्यौहार हमारे बन्धुत्वभाव, अनूठी सांस्कृतिक विरासत और परम्पराओं के प्रतीक होते हैं। इनके माध्यम से युवाओं को प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को जानने और समझने के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रंगों का त्यौहार होली प्रदेशवासियों के जीवन में उन्नति और खुशहाली लेकर आएगा। मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक राजेन्द्र राणा के आग्रह पर सुजानपुर में आगामी वित्त वर्ष में नए बस अड्डे के निर्माण तथा नागरिक अस्पताल सुजानपुर में विस्तर क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 करने के साथ-साथ यहां सभी आवश्यक अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने आगामी वित्त वर्ष में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के टौणी देवी में बेहतर अधोसंरचना और संस्थान में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ एक डिग्री कॉलेज खोलने और सुजानपुर कॉलेज में अर्थशास्त्र और अंग्रेजी विषय की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने सुजानपुर में उचित बजट प्रावधान के साथ जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के मण्डल खोलने की भी घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आगामी वित्त वर्ष में 18 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल निर्मित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। राज्य सरकार ने चरणबद्ध तरीके से प्रदेश भर में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में इन स्कूलों को निर्मित करने की योजना बनाई है। ये स्कूल 100 कनाल से अधिक परिसर में निर्मित किए जाएंगे और इन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं और गुणात्मक शिक्षा प्रदान की जाएगी।